जादूगोड़ा : लगातार हो रही बारिश के बीच मलेरिया के बढ़ते प्रकोप से सबर जनजाति को बचाने के लिए सामाजिक संस्था समर्पण आगे आई है. सुंदरनगर की संस्था ने रविवार को पोटका प्रखंड के झरिया गांव निवासी 30 सबर परिवारों के बीच मच्छरदानी का वितरण किया. संस्था ने झरिया गांव निवासी रघु सबर के आग्रह पर यह अभियान चलाया. सेवा समर्पण संस्था की टीम जरूरतमंद लोगों की सहायता पहुंचाने के लिए कीचड़ युक्त व पगडंडी नुमा रास्तों से होकर सबर बस्ती खड़िया कोचा पहुंची. इस कार्यक्रम के दौरान 30 जरूरतमंद परिवारों में मच्छरदानी एवं बारिश से बचाव के लिए छातों का वितरण किया. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यकर्ताओं ने गांव के बच्चों के बीच बिस्कुट एवं चॉकलेट भी वितरित किये. इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारी विभूति जेना ने सबर परिवारों को मलेरिया से बचाव के लिए जागरूक भी किया. संस्था की ओर से बीमार सबर परिवारों को आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं. इस अवसर पर सेवा समर्पण के विभूति जेना, चन्दन सिंह, कुमुद शर्मा, मनीषा शर्मा, सोनू, श्रवण, सूरज एवं शशि पांडेय आदि उपस्थित रहे.




