जमशेदपुर: जमशेदपुर के टेल्को से सटे घोड़ाबांधा स्थित श्रीश्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, कनफूटा की ओर से रविवार को पारंपरिक विधि-विधान के साथ दुर्गा पूजा पंडाल निर्माण के लिए भूमि पूजन किया गया. पूजा-अर्चना में समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु शामिल हुए.कार्यक्रम में घाटशिला के विधायक सोमेश चंद्र सोरेन विशेष रूप से मौजूद रहे. उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर समिति के सदस्यों को दुर्गा पूजा की तैयारियों के लिए शुभकामनाएं दीं और आयोजन की सफलता की कामना की. भूमि पूजन के दौरान विधायक कुछ पल के लिए भावुक हो गए. (नीचे भी पढ़े)

उन्होंने अपने दिवंगत बाबा एवं पूर्व शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन को याद करते हुए कहा कि इस पूजा की शुरुआत उनके बाबा ने करायी थी. पूजा समिति से उनका विशेष जुड़ाव रहा है.
विधायक ने कहा कि उनके बाबा को जो थीम पसंद थी, उसी थीम पर इस वर्ष दुर्गा पूजा पंडाल का स्वरूप तैयार किया जाएगा. उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों की आस्था, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का प्रतीक भी है. इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने विधायक का स्वागत किया और कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आभार जताया.




