जमशेदपुर: जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका घाटशिला थाना क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दोनों के पास से 13.12 ग्राम ब्राउन शुगर, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किया है.मामले की जानकारी देते हुए जमशेदपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक शुभम खंडेलवाल ने बताया की 29 अगस्त को सूचना मिली थी कि मुसाबनी से दो युवक अवैध ब्राउन शुगर की बिक्री के लिए घाटशिला में आने वाले हैं. सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक और ग्रामीण एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी घाटशिला विकास कुमार लागुरी के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया. (नीचे भी पढ़े)
छापामारी दल ने घाटशिला थाना क्षेत्र के अमायईनगर पुलिया के पास संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो युवकों को रोका और उनकी तलाशी ली. तलाशी के दौरान पुलिस ने 13.12 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद किया. इसके अलावा एक काले रंग की सप्लेंडर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए. पुलिस ने मौके से मुसाबनी के तीन नंबर हरिजन बस्ती निवासी 19 वर्षीय जय महानंद और मुसाबनी निवासी 19 वर्षीय आकर्षित कुमार को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी और इसके पीछे मादक पदार्थों की सप्लाई करने वाला नेटवर्क कौन है.




