जमशेदपुर: जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में जमीन पर निर्माण कार्य के दौरान एक व्यक्ति से 5 लाख की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. पीड़ित सोनाराम बास्के के आवेदन पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है. मामले में करीब एक दर्जन अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.जानकारी के अनुसार, परसुडीह थाना क्षेत्र के करनडीह निवासी सोनाराम बास्के की जमीन घाघीडीह में स्थित है. सोनाराम का आरोप है कि वह अपनी जमीन पर निर्माण कार्य कराने पहुंचे थे. इसी दौरान छोटे सोरेन और रिचर्ड पूर्ति वहां पहुंचे.(नीचे भी पढ़े)
आरोप है कि दोनों ने सोनाराम बास्के से कहा कि जब तक उन्हें 5 लाख की रंगदारी नहीं दी जाएगी, तब तक वह जमीन पर कोई निर्माण कार्य नहीं करने देंगे. सोनाराम बास्के के अनुसार, इससे पहले भी उक्त जमीन पर निर्माण कार्य करने के एवज में उनसे 5 लाख की रंगदारी मांगी जा चुकी है. पीड़ित के आवेदन पर बागबेड़ा थाना में छोटे सोरेन और रिचर्ड पूर्ति के खिलाफ नामजद प्राथमि्की दर्ज की गई है.इसके अलावा मामले में करीब एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है.बागबेड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. जांच के दौरान सबसे पहले संबंधित जमीन के वास्तविक मालिकाना हक की पड़ताल की जाएगी. पुलिस यह भी जांच करेगी कि सोनाराम बास्के के पास उक्त जमीन से संबंधित वैध दस्तावेज हैं या नहीं. इसके लिए उनसे जमीन के कागजात उपलब्ध कराने को कहा गया है.दस्तावेजों की जांच और अन्य तथ्यों की पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.




