चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड कार्यालय में मंगलवार को मनरेगा अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2020-21 की योजनाओं के सामाजिक अंकेक्षण प्रखंड स्तरीय जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मनरेगा लोकपाल सनत कुमार महतो और विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रखंड प्रमुख धनंजय करुणामय, जिला परिषद सदस्य धरित्री महतो, बीडीओ देवलाल उरांव समेत अन्य उपस्थित थे। कार्यक्रम में प्रखंड के हर पंचायत में संचालित मनरेगा योजना और बकाया मजदूरी भुगतान की जानकारी ली गयी। कार्यक्रम में प्रखंड स्तर पर मनरेगा कार्य में मिली शिकायतों पर चर्चा कर कुछ शिकायतों का निष्पादन किया गया। (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर लोकपाल सनत कुमार महतो ने कहा कि प्रखंड के हर पंचायत में मनरेगा योजना की स्वीकृति देकर अधिक से अधिक संख्या में लोगों को रोजगार देने का काम करें। चाकुलिया प्रखंड में मनरेगा कार्य काफी संतोषजनक है और भी बेहतर करने को उन्होंने कहा। इस दौरान प्रखंड के पंचायत सचिव और रोजगार सेवक ने कहा कि मनरेगा कार्य में समय पर भुगतान नहीं हो रहा है, जिस कारण योजना संचालन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सभी ने कहा कि दो माह से भुगतान लंबित है, जल्द पेमेंट कराने की मांग की। इस दौरान बीपीओ लीला सोलंकी, डीआरपी, पंसस बुबाई दास, मुखिया दानगी सोरेन, पूर्व जिला परिषद सदस्य जगन्नाथ महतो, पंचायत सचिव सुनील महतो, दावा हांसदा, मुनू टुडू, ललित शर्मा, अभय कुमार, प्रमोद विश्वकर्मा समेत अन्य पंचायतों के पंचायत सचिव और रोजगार सेवक उपस्थित थे।











