जमशेदपुर : छोटा गोविंदपुर गदरा गोकुल नगर (अंबेडकर नगर) में राजा शर्मा के घर में दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई. प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजा शर्मा का पूरा परिवार दोपहर करीब 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक निजी कार्य से सपरिवार परसुडीह मार्केट गया हुआ था. इसी दौरान चोरों ने घर को निशाना बनाकर लगभग ₹60 हजार नगद तथा करीब 7 से 8 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए. (नीचे भी पढ़ें)
स्वतंत्रता दिवस के दिन हुई चोरी की इस घटना से पूरे क्षेत्र में चिंता और रोष का माहौल है. दिनदहाड़े ऐसी घटना होना निश्चित रूप से गंभीर चिंता का विषय है. घटना की जानकारी परसुडीह थाना में देते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. जिला परिषद सदस्य डॉ परितोष सिंह ने प्रशासन एवं पुलिस से आग्रह किया है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए चोरी की घटना का यथाशीघ्र उद्भेदन कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाए. साथ ही, क्षेत्र में लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था, गश्त एवं आवश्यक कदम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो.




