पटमदा: बोड़ाम थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित बोड़ाम बाजार में सोमवार देर रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए. अज्ञात चोरों ने एक आभूषण दुकान की टीन और एस्बेस्टस की छत काटकर अंदर प्रवेश किया तथा करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और 25 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए. इसी रात थाना क्षेत्र के बारियादा गांव स्थित एक मोबाइल दुकान को भी निशाना बनाया गया, जहां से 31 हजार रुपये नकद और कई मोबाइल फोन चोरी कर लिए गए. जानकारी के अनुसार, बोड़ाम निवासी जूलरी व्यवसायी दीपक स्वर्णकार उर्फ डब्लू मंगलवार सुबह जब अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान का सामान बिखरा पड़ा था. जांच करने पर करीब डेढ़ किलो चांदी के आभूषण, 15 ग्राम सोने के जेवर और 25 हजार रुपये नकद गायब मिले. उन्होंने तुरंत बोड़ाम थाना को सूचना दी. (नीचे भी पढ़ें)

सूचना मिलने पर सुबह करीब नौ बजे पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चोर छत काटकर दुकान के भीतर दाखिल हुए थे. वारदात के बाद वे दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि उनकी पहचान न हो सके. इधर, बारियादा गांव स्थित एक मोबाइल दुकान में भी चोरों ने टीन की छत तोड़कर प्रवेश किया और 31 हजार रुपये नकद के साथ कई मोबाइल फोन चोरी कर लिए. दोनों दुकानदारों ने बोड़ाम थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुटी है. पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 11:30 बजे तक क्षेत्र में नियमित गश्त की गई थी, जबकि आसपास की चाय दुकानें रात करीब 2:30 बजे खुल गई थीं. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि दोनों चोरी की वारदातें रात 11:30 बजे से 2:30 बजे के बीच अंजाम दी गईं. (नीचे भी पढ़ें)
कई महीनों बाद बोड़ाम क्षेत्र में एक ही रात में दो चोरी की घटनाओं से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. वहीं, थाना से बेहद कम दूरी पर स्थित आभूषण दुकान में लाखों की चोरी ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है.




