बोड़ाम : बोड़ाम थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है. अज्ञात चोरों ने शराब की एक लाइसेंसी दुकान का ताला तोड़कर गल्ले से नकदी और लाखों रुपये मूल्य की शराब की पेटियां पार कर दीं. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. मामले को लेकर सेल्समैन की ओर से बोड़ाम थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गई है. (नीचे भी पढ़ें)
मिली जानकारी के अनुसार, बोड़ाम पगदा गांव निवासी सेल्समैन नेपाल महतो ने बताया कि 28 फरवरी की रात करीब 11 बजे उन्होंने प्रतिदिन की तरह दुकान बंद की थी. दुकान को ठीक से ताला लगाकर वे अपने घर चले गए. अगले दिन सुबह लगभग 10 बजे जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। अंदर प्रवेश करने पर गल्ले से नकदी गायब मिली. इसके अलावा दुकान में रखी लाखों रुपये मूल्य की शराब की कई पेटियां भी नहीं थीं. नेपाल महतो ने बताया कि उनकी दुकान में पहली बार इस तरह की चोरी हुई है. घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. उन्होंने आशंका जताई कि चोरी सुनियोजित तरीके से की गई है. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. फिलहाल मामले की जांच जारी है.







