सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला में युवाओं की एक टीम ने पुरानी कार को लग्जरी स्पोर्ट्स कार का रूप देकर मिसाल पेश की है. चांडिल स्थित टार्जन गैरेज के छह मैकेनिकों ने दो साल की मेहनत और तकनीकी कौशल से एक पुरानी मारुति 800 को आकर्षक ‘देसी लैंबोर्गिनी’ में बदल दिया. सीमित संसाधनों के बावजूद तैयार की गयी यह कार अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और राज्यभर में चर्चा का विषय बनी हुई है. इस अनोखे प्रोजेक्ट पर टीम ने करीब पांच लाख रुपये खर्च किए. मैकेनिकों के पास कोई बड़ी इंजीनियरिंग डिग्री या आधुनिक मशीनरी नहीं थी, फिर भी उन्होंने पुरानी कार के इंजन और चेसिस को बरकरार रखते हुए उसे लग्जरी स्पोर्ट्स कार जैसा बाहरी लुक दिया. कार की फिनिशिंग और डिजाइन इतनी शानदार है कि पहली नजर में इसे पहचान पाना मुश्किल हो जाता है. (नीचे भी पढ़ें)

खासतौर पर इसके शार्प फ्रंट डिजाइन, लो-हाइट बॉडी और स्पोर्टी लुक लोगों को आकर्षित कर रहे हैं.
टीम का कहना है कि यह कार केवल प्रदर्शन के लिए नहीं बनाई गई है, बल्कि इसे व्यावसायिक रूप से भी इस्तेमाल किया जाएगा. अब यह कस्टमाइज कार शादी, जन्मदिन और अन्य विशेष आयोजनों के लिए किराये पर उपलब्ध रहेगी. बढ़ती मांग को देखते हुए गैरेज ने नए ऑर्डर लेना भी शुरू कर दिया है.
मैकेनिकों के अनुसार, पहला मॉडल तैयार करने में दो साल का समय लगा, लेकिन अब पूरा डिजाइन और तकनीकी खाका तैयार है. इसलिए वे किसी भी पुरानी कार को मात्र चार महीने में कस्टमाइज कर आधुनिक लुक दे सकते हैं. झारखंड के इन युवाओं की यह पहल आत्मनिर्भरता और हुनर का शानदार उदाहरण बन गई है.







