जमशेदपुर: जमशेदपुर के ग्रामीण इलाके डुमरिया थाना क्षेत्र में एक बंद पड़े मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए घर से जेवर, नगद और कीमती सामान की चोरी कर ली. यह घटना तब सामने आई जब मकान मालिक परिवार समेत लगभग दस दिनों के बाद घर लौटे. चोरी की सूचना मिलते ही डुमरिया पुलिस सक्रिय हो गयी है और पूरे मामले की जांच में जुट गयी है. परिजनों ने गांव के ही एक शातिर युवक सिकंदर सोरेन पर शक जताया है, जो पहले भी चोरी के कई मामलों में जेल जा चुका है. घटना डुमरिया थाना क्षेत्र के बड़ाकाजिया टोला छमड़ाघुट्टू की है, जहां भुक्तभोगी डुमकी बास्के अपने परिवार के साथ रहते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
डुमकी बास्के ने पुलिस को बताया कि वे 13 जून को अपने मकान में ताला लगाकर परिवार समेत बाहर गए थे. 22 जून को जब वे वापस लौटे, तो घर का ताला टूटा हुआ मिला. घर के भीतर का नजारा देख कर वे स्तब्ध रह गए. सारा सामान बिखरा पड़ा था और आलमारी व पेटियों को तोड़कर कीमती वस्तुएं गायब थीं. डुमकी बास्के ने तत्काल डुमरिया थाने में जाकर चोरी की लिखित शिकायत दर्ज कराई. उनके अनुसार, चोरों ने घर से सोने-चांदी के जेवर, नगद रकम और बेशकीमती बर्तन चुरा लिए हैं. चोरी की कुल राशि लाखों रुपये के आसपास आंकी जा रही है.



