जमशेदपुर : सोमवार को दोपहर 1 बजे के करीब बोड़ाम थाना क्षेत्र के ग्राम मिर्जाडीह स्थित कुलटांड टोला में सड़क से करीब 30 फीट अंदर जंगल-झाड़ी में पुलिस ने एक अज्ञात पुरुष का शव बरामद किया. शव काफी विघटित अवस्था में था, जिससे उसकी पहचान तत्काल नहीं हो सकी. पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 30 से 40 वर्ष के बीच प्रतीत होती है तथा उसकी मौत करीब 5 से 6 दिन पूर्व होने की आशंका जताई जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
मृतक का चेहरा पूरी तरह विघटित हो जाने के कारण पहचान संभव नहीं हो पा रही है. उसका कद करीब 5 फीट 2 इंच बताया गया है. दाहिने हाथ में लोहे का कड़ा पहना हुआ है, जबकि दाहिने हाथ की कलाई के पास “Love” लिखा टैटू बना हुआ है तथा उसी हाथ की कोहनी के पास एक अन्य डिजाइननुमा टैटू भी अंकित है. उसने नेवी ब्ल्यू टी-शर्ट पहन रखी थी, जिस पर अंग्रेजी में “FUTURE” लिखा है. नीचे काले रंग का लोअर पहना हुआ था. बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार ने आम लोगों से अपील की है कि यदि उक्त हुलिये अथवा विवरण से संबंधित कोई व्यक्ति किसी थाना क्षेत्र से लापता हो, तो इसकी सूचना तत्काल बोड़ाम थाना, जमशेदपुर को देने की अपील की है.







