गालूडीह: एमजीएम थाना क्षेत्र के दलदली गांव में घाटशिला के क्यू कॉन्स्ट्रक्शन द्वारा किये जा रहे सड़क निर्माण में अनियमिता बरतने का विरोध करने को लेकर ठेकेदार के मुंशी बीरेन सिंह ने गांव के शिव सेना सदस्य पर झूठा मामला दर्ज करने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है. ग्रामीण युवाओं पर मामला दर्ज करने को लेकर शनिवार को दलदली गांव में ग्राम प्रधान कृष्णा महतो की अध्यक्ष्ता में बैठक आयोजित हुई. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में मुखिया सुजाता हांसदा, आसपास के गांव के प्रधान छुटूलाल मुर्मू, प्रभाकर महतो, उप मुखिया सुमित्रा कर्मकार, पंसस बैद्यनाथ महतो एवं ग्रामीण व शिव सेना के युवा एकत्र हुए थे, पर बैठक में शिव सेना सदस्य के खिलाफ मामला दर्ज करने वाला बिरेन सिंह को बुलाने पर भी अपना पक्ष रखने नही पहुंचे. ठेकेदार एवं ग्राम प्रधान बीरेन सिंह के घर गया, लेकिन बीरेन सिंह ने बैठक में आने से मना कर दिया. बैठक में शिव सेना के सदस्य संजय महतो, प्रकाश महतो, फोमू मुखर्जी समेत अन्य ने कहा कि गांव क्यू कॉन्स्ट्रक्शन द्वारा की जा रही सड़क निर्माण में अनियमितता की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
ग्रामीण सड़क होने के नाते गुणवत्ता पूर्ण कार्य करने को कहा गया था. गांव के शिव मंदिर के पास कल्वर्ट निर्माण में 20 बोरा सीमेंट के बदले 18 बोरा दिया जा रहा था. अन्य मुंशी को बोलने पर कार्य सही किया गया, लेकिन कुछ दिन बाद ठेकेदार के एक और मुंशी बीरेन सिंह ने आकर जबरन गाली-गलौज करना शुरू कर दिया एवं गोली मार देने की धमकी देते हुए धक्का मुक्की की. यही नहीं पूछे जाने पर बीरेन सिंह ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी. धक्का मुक्की में बीरेन गिर गया, जिससे पास में रखे टीने में लग कर उसका सिर फट गया. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि बीरेन उन पर हमले का झूठा आरोप लगा कर मामला दर्ज कराया है. ग्राम प्रधान एवं मुखिया ने कहा कि बैठक में बीरेन सिंह को अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया, पर वह नही आया, जिससे प्रतीत होता है कि बीरेन ने ग्रामीणों पर झूठा मामला दर्ज कराया है. उन्होंने युवाओं को गिरफ्तार किये जाने की स्थिति में सड़क निर्माण का काम अनिश्चित काल के लिए बंद करा देने की चेतावनी दी. बैठक में सभी की सहमति से ग्रामप्रधान कृष्णा महतो ने शिव सेना के युवाओं को बेकसूर बताते हुए थाना में लिखित देकर मामला रफादफा करने की मांग की. बैठक में विदेश मुखर्जी, सुनील मुखर्जी, संवेदक बंसल, चंदन महतो, सीमंतो महतो, सुभाष मुखर्जी समेत काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.



