बहरागोड़ा : बहरागोड़ा के बड़शोल थाना क्षेत्र के चंदरपुर चौक के पास कई गांव के आक्रोशित ग्रामीणों ने माटिहाना-चाकुलिया मुख्य सड़क को मंगलवार की सुबह जाम कर दिया है. ग्रामीणों ने सड़क पर लकड़ी और पत्थर रखकर सड़क को जाम कर दिया. ग्रामीणों ने कई भारी मालवाहक वाहनों को भी रोक दिया है. इस सड़क पर भारी मालवाहक वाहनों के परिचालन से ग्रामीण आक्रोश है. गौरतलब है कि बीती शाम एक ट्रक से कुचलकर बाइक सवार घाघरा गांव के समरसेबल के मिस्त्री गुरु पद मुंडा की दर्दनाक मौत हो गई थी. ग्रामीणों ने बवाल करते हुए सड़क को जाम कर दिया था. आक्रोशित ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे विधायक समीर महंती और पुलिस पदाधिकारियों से भी उलझ गए थे. ग्रामीणों की मांग थी कि इस सड़क पर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई जाए. रात्रि के करीब 10:00 बजे मुआवजे का भुगतान करने और भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की शर्त पर ग्रामीण शांत हुए और सड़क को जाम से मुक्त किया था. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं मंगलवार सुबह से ही माटिहाना-चाकुलिया मुख्य सड़क पर भारी वाहनों का परिचालन शुरू हो गया. इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क को जाम कर दिया. ग्रामीणों का कहना है कि जब से इस सड़क पर भारी वाहनों का परिचालन शुरू हुआ है तब से लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं. ग्रामीणों का कहना है कि सरकार का टैक्स चोरी करने के लिए भारी मालवाहक वाहन हाईवे की बजाए इस सड़क से चाकुलिया होते हुए पश्चिम बंगाल जाती है. प्रशासन इस पर रोक लगाए अन्यथा ग्रामीण प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा. भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने लोगों को शांत कराया, जाम में फंसे भारी वाहनों को वापस भेजवाया. (नीचे भी पढ़ें)
चाकुलिया-माटिहाना मुख्य सड़क पर भारी वाहनों के परिचालन के विरोध में ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह चंदरपुर चौक के पास सड़क जाम कर दिया है. भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी चाकुलिया आने के क्रम में जाम स्थल पर आंदोलन कर रहे लोगों को काफी समझाया और आक्रोशित लोगों को शांत करवाया. डॉ गोस्वामी ने जाम में फंसे भारी वाहनों को जाम स्थल से वापस लौटा दिया. श्री गोस्वामी ने लोगों को कहा कि वे ग्रामीणों के साथ है. ग्रामीण सड़क पर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने के लिए एक ग्रामीण आवेदन लिखकर विभाग और पदाधिकारी को दें. समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण सड़क पर डटे हुए हैं और सड़क जाम है.



