
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा के उप विकास आयुक्त परमेश्वर भगत ने बुधवार को दौरा कर प्रखंड में चल रहे विकास योजनाओं की जानकारी ली. उपविकास आयुक्त ने प्रखंड कार्यालय परिसर में सभी कर्मियों के साथ बैठक कर प्रधानमंत्री आवास और मनरेगा योजना की समीक्षा की. इस दौरान वित्तीय वर्ष 2016-20 के लंबित प्रधानमंत्री आवासों का पंचायतवार समीक्षा की. इससे संबंधित पंचायत सचिव को निर्देश दिया कि 30 सितम्बर तक लंबित आवासों को यथाशीघ्र पूर्ण करें. वहीं जिन पंचायतों में लंबित आवासों की संख्या अधिक है, सम्बन्धित पंचायत सचिव को विशेष ध्यान देते हुए आवास निर्माण का कार्य अविलम्ब पूर्ण कराने का निर्देश दिया. वित्तीय वर्ष 2020-21 के जिस लाभुक का राशि हस्तान्तरित किया गया है, आवास निर्माण का कार्य जल्द से जल्द शुरू कराने तथा लक्ष्य अनुरूप पंजीकरण, जियो टैग और शत-प्रतिशत राशि भुगतान करने का निर्देश दिया है.
उप विकास आयुक्त द्वारा मनरेगा के तहत अधिक से अधिक योजना संचालित करने और मानव दिवस सृजन का निर्देश दिया गया. भूगर्भ जलस्तर को बढ़ाने के उद्देश्य से जल संचयन की योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लेने की बात कही गयी. प्रत्येक पंचायत के सभी राजस्व ग्राम में कम से कम 5 योजना संचालित करने हेतु निर्देश दिया गया. इस बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार साहु, अंचल अधिकारी हीरा कुमार, जिला परियोजना पदाधिकारी विपिन सिन्हा, एपीओ अखिलेश कुमार, जिला समन्वयक सुमन मिश्रा, जिला तकनीकी सहायक रितेश कुमार, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रखंड समन्वयक, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता समेत सभी पंचायत सचिव उपस्थित थे.








