जमशेदपुर: जमशेदपुर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल के पूर्व नेत्र रोग विभागाध्यक्ष (एचओडी) डॉ. विजय नारायण का रांची में निधन हो गया. वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे. 74 वर्षीय डॉ. नारायण जमशेदपुर और रांची की चिकित्सा जगत में एक सम्मानित नाम थे. दरभंगा मेडिकल कॉलेज से 1973 में एमबीबीएस और रिम्स, रांची से नेत्र रोग में एमएस की उपाधि प्राप्त करने के बाद उन्होंने राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में एसोसिएट प्रोफेसर के रूप में अपनी सेवाएं प्रारंभ कीं. इसके बाद वे एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में नेत्र रोग विभाग के विभागाध्यक्ष बने, जहां उन्होंने कई दशकों तक मरीजों की सेवा और भावी चिकित्सकों के प्रशिक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया. (नीचे भी पढ़ें)
डॉ. विजय नारायण अपनी कार्यकुशलता, विनम्र स्वभाव और मरीजों के प्रति समर्पण के लिए विशेष रूप से जाने जाते थे. चिकित्सा सेवा को उन्होंने जीवन का लक्ष्य माना और आंखों से जुड़े गंभीर मामलों में उनके विशेषज्ञ निर्णय को हमेशा सराहा गया. उनके निधन पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), जमशेदपुर शाखा के सचिव डॉ. सौरभ चौधरी ने गहरा शोक व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि “डॉ. विजय नारायण एक कुशल चिकित्सक ही नहीं, बल्कि संवेदनशील शिक्षक और मार्गदर्शक भी थे। उनका निधन चिकित्सा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है. आईएमए परिवार ने शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है.




