जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची बाजार में दोपहर करीब तीन बजे अचानक से आग लग गयी. आग लगने से बाजार में अफरा-तफरी मच गयी. यह आग साकची शितला मंदिर के पीछे के सब्जी मंडी इलाके की दुकानों में लगी है. बताया जाता है कि चार दुकान राजू स्टोर, किराना की एक दुकान, एक होटल और एक अन्य दुकान को आग ने अपने आगोश में ले लिया है. स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लगने की यह घटना शार्ट सर्किट से लगी होगी. दुकानदारों ने दोपहर दो बजे अपनी दुकानों को बंद कर दिया था. इसी दौरान अचानक से कैप्सीकम की दुकान से आग निकलनी शुरू हुई. इसके बाद आग ने बगल वाली दुकान को भी अपने आगोश में ले लिया. जब तक अग्निशमन को इसकी सूचना दी जाती, तब तक आग चार दुकानों में लग चुकी थी. सूचना पाते ही झारखंड अग्निशमन विभाग की दो और टाटा स्टील की दो दमकल मौके पर पहुंची. साकची पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया. आग पर काबू पाने की कोशिशें तेज कर दी गयी है. आग अब तक पूरी तरह काबू में नहीं आया है. अग्निशमन दल के लोगों ने आग को फैलने से रोकने के लिए उपाय करने के बाद आग को बुझाने का काम शुरू कर दिया है. लेकिन यह आग कई दुकानों को और अपनी जद में ले रहा है. इस पर काबू नहीं पाया जा सका है. लाखों रुपये का नुकसान का आकलन किया जा रहा है. हालांकि, अब तक अधिकारिक तौर पर नहीं बताया गया है कि आग कैसे लगी है और कितने का नुकसान हुआ है. (नीचे देखें आग की तस्वीरें.)









