जमशेदपुर : जमशेदपुर साकची थाना क्षेत्र के तमरिया रोड स्थित राज क्लब गणेश पूजा समिति में मंगलवार देर रात आयोजित ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान अचानक बवाल और फायरिंग से अफरातफरी मच गई थी. घटना रात करीब 11 बजे की बतायी जा रही है. पुलिस के अनुसार भुईयाडीह निवासी राहुल तिवारी (पिता- कृष्णकांत तिवारी) और सूरज तिवारी (पिता- पप्पु तिवारी) के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई और गाली-गलौज की नौबत आ गई. इसी दौरान राहुल तिवारी का दोस्त राहुल राय (निवासी- ह्युम पाइप, छायानगर) देशी कट्टा से फायरिंग कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
संयोगवश गोली किसी को नहीं लगी प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विवाद की शुरुआत मंच पर कुछ युवकों द्वारा महिलाओं से छेड़खानी करने से हुई. विरोध होने पर मामला बढ़ता चला गया. सूचना है कि महिला डांसर पर रुपये लुटाने और बदसलूकी करने का विरोध पूजा समिति ने किया जिसके बाद फायरिंग की गई. पूजा समिति सदस्य सुमंत नायक के लिखित आवेदन पर साकची थाना कांड संख्या-130/25 दर्ज किया गया है. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राहुल तिवारी (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपी राहुल राय, कैफ और उनके सहयोगियों की तलाश जारी है. क्लब परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं गोलीबारी में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.





