
जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को स्थित लेडी इंदर सिंह हाई इंग्लिश स्कूल में शनिवार को अजीबोगरीब वारदात हुई. लेडी इंदर सिंह स्कूल के सातवीं कक्षा के छात्र गुलफाम कुरैशी ने प्रिंसिपल और टीचर के सामने ही अपनी हथेली को काटकर खुद को जख्मी कर लिया. बताया जाता है कि छात्र गुलफाम कुरैशी को प्रिंसिपल के कक्ष में क्लास टीचर ममता झा लेकर गयी थी कि लड़का काफी बदमाशी करता है. इसके बाद प्रिंसिपल ने उसको ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) देने की चेतावनी दी और परिजनों को बुलाया. इसके बाद मां को बुलाया गया, जिसके बाद मां के सामने ही उसको टीसी देने की चेतावनी दी गयी, जिससे गुस्साकर लड़के वहीं पर लगे ग्लास को हाथ से तोड़ दिया और खुद को जख्मी कर दिया. इस अचानक के उठाये गये कदम के बाद अफरा-तफरी मच गयी. छात्र खुद लहुलुहान हो गया. किसी तरह लड़के को तत्काल टेल्को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज किया गया. टेल्को अस्पताल में चल रहे इलाज के दौरान उसका प्राथमिक इलाज किया जा रहा है. हालांकि, परिजनों ने आरोप लगाया है कि स्कूल में बच्चे का शोषण किया जाता था, जिस कारण बच्चे ने इस तरह का कदम उठाया है. पुलिस तक मामला नहीं पहुंचा है, लेकिन अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. वैसे स्कूल प्रबंधन का कहना है कि बच्चे के शरारतों के कारण ही उसको टीसी देने की चेतावनी दी गयी थी. वैसे फिलहाल लड़का काफी घायल है और उसका इलाज टेल्को अस्पताल में चल रहा है.














