
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर इलाके में स्थित बेल्डीह चर्च स्कूल में मंगलवार को छुट्टी के समय एक छात्र ने अपने सहपाठी रेशांत ओझा को बेल्ट से मारकर घायल कर दिया. रेशांत की बायीं आंख में गंभीर चोट आई हैं. मारपीट के बाद रेशांत को स्कूल प्रबंधन ने टीएमएच अस्पताल पहुंचाया और घटना की सूचना रेशांत के पिता रमेश ओझा को दी. आनन-फानन में रमेश टीएमएच अस्पताल पहुंचे, वहां उन्होंने स्कूल प्रबंधन का कोई भी व्यक्ति नहीं पाया. रमेश ओझा ने अस्पताल के बाहर हंगामा भी किया.
हालांकि, उस वक्त आंख की जांच के लिए कोई भी डॉक्टर मौजूद नहीं थे. इसके बाद शाम चार बजे अस्पताल की ओपीडी खुलने पर रेशांत के आंख की जांच की गई. जांच में डॉक्टरों ने रेशांत का इलाज कोलकाता में कराने की सलाह दी. डॉक्टर ने बताया कि रेशांत की आंख में गंभीर चोटें आई हैं. इधर रेशांत के पिता रमेश ओझा ने स्कूल प्रबंधन और आरोपी छात्र के खिलाफ बिष्टुपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई है. रेशांत के पिता रमेश ओझा ने बताया कि इसके पहले भी छात्र और उनके बेटे के बीच मारपीट हो चुकी है. इसकी जानकारी उन्होंने स्कूल प्रबंधन को भी दी थी पर स्कूल प्रबंधन ने किसी तरह की कार्यवाही नहीं की. मंगलवार को भी बेटा रेशांत शिक्षक के कहने पर डस्टर लेकर आया था इसी बात को लेकर आरोपी छात्र ने उसे बड़ा बुरा भला कहा. इसका विरोध करने पर छात्र ने अपना स्कूल के बेल्ट से रेशांत को मारा जिससे उसकी बायीं आंख पर गंभीर चोटें आई हैं. जब इस बारे में स्कूल प्रबंधन से बात करने की कोशिश की गई तो प्रबंधन ने फोन नहीं उठाया.






