जमशेदपुर : जमशेदपुर के उत्क्रमित उच्च विद्यालय कालिमाटी जेम्को आजाद बस्ती में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने का संदेश दिया. (नीचे भी पढ़ें)
विद्यालय परिसर में फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया गया, जिसमें मुख्य रूप से जामुन और आम के पौधे लगाए गए. विद्यार्थियों ने पौधरोपण के साथ-साथ इन पौधों की नियमित देखभाल और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक रूप से संकल्प भी लिया. इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक धनंजय श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जीवन में वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को वर्ष में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ियों को शुद्ध वातावरण प्राप्त हो सके. कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रतिनिधि सदस्य करनदीप सिंह, धर्मदेव राम, रितु कुमारी, विद्यालय के पर्यावरण मंत्री अनुराग मुंडा सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.







