जमशेदपुर : जमशेदपुर में सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में टिफिन में नॉनवेज लाने पर रोक लगा दिया है. इसे लेकर पूर्वी सिंहभूम जिले की जिला शिक्षा अधीक्षक नीशु कुमारी ने यह निर्देश मंगलवार को दिया. निर्देश के मुताबिक अब बच्चों को स्कूल टिफिन में नॉनवेज नहीं लाना है. मामला जमशेदपुर के मानगो स्थित सिम्बॉयोसिस पब्लिक स्कूल का है. जहां आरोप लगाया गया था कि चौथी कक्षा की छात्रा में पढ़ने वाली हिन्दू छात्रा को उसकी मुस्लिम दोस्त ने बीते शुक्रवार को टिफिन में प्रतिबंधित मांस खिला दिया था. वहीं हिन्दू छात्रा को जब पता चला कि उसकी दोस्त ने उसे नॉनवेज खिला दिया है तो वह रोती हुई घर गयी. घर जाने के बाद उसके परिजनों ने उससे रोने के पीछे का कारण पूछा. तो छात्रा ने बताया कि उसकी मुस्लिम दोस्त द्वारा उसे नॉनवेज खिला दिया गया है. जिसके बाद इसकी शिकायत लेकर स्कूल प्रबंधन के पास परिजन पहुंचे. (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को टिफिन आवर में नॉनवेज खिलाया गया है. इस पर स्कूल प्रबंधन ने मुस्लिम छात्रा को स्कूल से निष्कासित कर दिया. वहीं प्रभावित छात्रा के परिजनों ने अपनी बच्ची को इस स्कूल में न पढ़ाने की इच्छा जाहिर करते हुए टीसी मांग लिया. तभी मामले को जिला शिक्षा अधीक्षक नीशु कुमारी ने स्कूल प्रबंधन से जवाब मांगा था, जिसपर प्रिंसिपल ने कहा था कि दोनों बच्चियां चौथी कक्षा की छात्राएं है. अक्सर बच्चे टिफिन शेयर करते है, उसी दौरान ऐसा हुआ. इसे जानबूझकर नहीं किया गया है. वहीं प्रिंसिपल ने यह भी कहा कि आगे से स्कूल में ऐसी घटना ना हो, इस पर विशेष ध्यान दिया जायेगा. तभी यह निर्णय लिया गया कि जमशेदपुर के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में टिफिन में नॉनवेज लाने पर रोक लगा दिया गया है.




