जमशेदपुर: धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी अर्नव मिश्रा की अध्यक्षता में अनुमंडल कार्यालय में सड़क सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन से संबंधित बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में जमशेदपुर शहर में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, सड़क सुरक्षा मानकों के अनुपालन तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई.बैठक में दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों को चिह्नित करते हुए ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित स्थलों पर विशेष निगरानी रखने, आवश्यकतानुसार यातायात संकेतक, रोड मार्किंग, स्पीड लिमिट साइनेज एवं अन्य सड़क सुरक्षा अवसंरचनाओं को सुदृढ़ करने पर चर्चा की गई. साथ ही,ओवरस्पीडिंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, ट्रैफिक सिग्नल का उल्लंघन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने तथा अनधिकृत पार्किंग जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया.(नीचे भी पढ़े)
शहरी यातायात के सुचारु संचालन के लिए प्रमुख मार्गों एवं जंक्शनों पर ट्रैफिक फ्लो,पार्किंग व्यवस्था, सड़क किनारे अतिक्रमण,भारी वाहनों की आवाजाही तथा पीक ऑवर में यातायात दबाव की समीक्षा की गई. संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यकतानुसार संयुक्त निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान चलाने तथा यातायात नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए चिन्हित कमियों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने पर बल दिया गया.अनुमंडल पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए इंजीनियरिंग, एनफोर्समेंट, एजुकेशन एवं इमरजेंसी रिस्पॉन्स के समन्वित दृष्टिकोण के तहत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. उन्होंने यातायात नियमों के प्रति आमजनों में जागरूकता बढ़ाने तथा वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया.बैठक में पुलिस उपाधीक्षक, यातायात, मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई), जुस्को, ट्रांसपोर्ट एवं ऑटो एसोसिएशन के प्रतिनिधि सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे.




