जमशेदपुर : गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए सिंगल डोनर प्लेटलेट्स (एसडीपी) डोनेशन अभियान लगातार जीवनदायी साबित हो रहा है. सामाजिक संस्था प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन (पीएसएफ) ने मंगलवार को छह एसडीपी रक्तदान के साथ अपने अभियान का 1871वां एसडीपी रक्तदान पूरा किया. इस अवसर पर वरुण नंदी, रवि शंकर पात्रो, शुभेंदु मुखर्जी, धीरज कुमार, सुब्रतो रॉय और कुमारेस हाजरा ने एसडीपी रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की मदद की. टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार ने बताया कि एसडीपी रक्तदान कैंसर, डेंगू और अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित उन मरीजों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है, जिनके शरीर में प्लेटलेट्स की मात्रा काफी कम हो जाती है. उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया सामान्य रक्तदान से अलग होती है, जिसमें रक्तदाता को लगभग 40 मिनट से एक घंटे तक मशीन के माध्यम से रक्तदान करना पड़ता है. (नीचे भी पढ़ें)

सभी आवश्यक स्वास्थ्य मानकों की जांच के बाद ही कोई व्यक्ति एसडीपी रक्तदान कर सकता है. उन्होंने कहा कि टीम पीएसएफ शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ-साथ एक राज्य से दूसरे राज्य तक एसडीपी रक्तदाताओं का मजबूत नेटवर्क तैयार करने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है. रक्तदान के बाद सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया. इस मौके पर जमशेदपुर ब्लड सेंटर के जीएम संजय चौधरी, डॉ लव बहादुर सिंह, डॉ पुष्पा तिवारी, डॉ निर्जला झा, तकनीशियन सुबीर बनर्जी, टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार तथा उत्तम कुमार गोराई सहित अन्य लोग उपस्थित थे.















