रामगोपाल जेना / चक्रधरपुर : चक्रधरपुर प्रखंड के बनालता गांव में निर्माणाधीन स्कूल भवन में बालू के स्थान पर डस्ट से जोड़ाई किए जाने के मामले में भवन निर्माण विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. ग्रामीणों एवंनेताओं द्वारा विरोध जताए जाने के बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संवेदक को डस्ट से निर्मित दीवार को तत्काल तोड़ने का निर्देश दिया. बुधवार को विभाग के सहायक अभियंता विक्रम वर्मा तथा कनीय अभियंता निशांत आलम स्वयं बनालता गांव पहुंचे और अपनी निगरानी में दोषपूर्ण दीवार को तोड़ने का कार्य शुरू कराया. पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है, ताकि विभागीय रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जाता है कि ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि निर्माणाधीन स्कूल भवन में निर्धारित मानकों की अनदेखी करते हुए बालू की जगह डस्ट का उपयोग कर जोड़ाई की जा रही है. शिकायत मिलने पर जेडीयू जिला अध्यक्ष विश्राम मुंडा तथा झामुमो केंद्रीय सदस्य रामलाल मुंडा बनालता गांव पहुंचे और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान दोनों नेताओं ने ग्रामीणों की शिकायत को गंभीर बताते हुए इसकी जानकारी भवन निर्माण विभाग के अधिकारियों को दी. (नीचे भी पढ़ें)
शिकायत मिलते ही भवन निर्माण विभाग के अभियंताओं ने तत्काल निर्माण कार्य रुकवा दिया और संवेदक को डस्ट से की गई जोड़ाई वाले हिस्से को तोड़ने का आदेश जारी किया. विभागीय निर्देश के अनुपालन में बुधवार से संबंधित दीवार को तोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी गई. अभियंताओं ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य केवल निर्धारित तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप ही कराया जाएगा.
ग्रामीणों ने विभाग की त्वरित कार्रवाई का स्वागत करते हुए मांग की है कि पूरे स्कूल भवन की तकनीकी जांच कराई जाए तथा निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संवेदक और जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए.







