जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो के उलीडीह थाना क्षेत्र के संजय पथ स्थित एक फ्लैट में पिछले कई महीनों से कथित तौर पर सेक्स रैकेट संचालित होने का आरोप सामने आया है. स्थानीय लोगों ने फ्लैट में रहने वाली नंदनी मुखर्जी और काशीडीह निवासी बीके शर्मा पर इस संबंध में गंभीर आरोप लगाए हैं. मामले को लेकर अपार्टमेंट के लोगों में नाराजगी है और उन्होंने प्रशासन से जांच कर कार्रवाई की मांग की है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि नंदनी मुखर्जी द्वारा नाबालिगों को कथित तौर पर बहला-फुसलाकर गलत गतिविधियों में शामिल किया जाता है. लोगों के अनुसार, फ्लैट में पहले भी विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई थी, जिसके बाद नंदनी को वहां से हटाया गया था. हालांकि, आरोप है कि बाद में फ्लैट मालिक की अनुमति से वह दोबारा वहां रहने लगी. मामला उस समय चर्चा में आया, जब एक पड़ोसी का नाबालिग बेटा रात में घर से यह कहकर निकला कि उसका दोस्त परेशानी में है. (नीचे भी पढ़ें)

परिजनों को संदेह होने पर उन्होंने उसका पीछा किया. स्थानीय लोगों के अनुसार, किशोर संजय पथ स्थित उक्त फ्लैट में जाता दिखाई दिया. इसके बाद उसकी मां ने कथित तौर पर फ्लैट में ताला लगा दिया. स्थानीय लोगों का आरोप है कि बाद में नंदनी मुखर्जी ने ताला तोड़कर किशोर को वहां से बाहर निकाला और अपने साथ ले गई. घटना के बाद अपार्टमेंट के लोगों में आक्रोश है. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपों की सत्यता की पड़ताल और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है. हालांकि, मामले में पुलिस या प्रशासन की ओर से आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.




