जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर 15 निवासी एक युवती का शादी का झांसा देकर एक युवक द्वारा एक साल तक यौन शोषण किये जाने का मामला प्रकाश में आया है. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार आरोपी शमीम अख्तर नदवी जवाहरनगर रोड नंबर-5 का निवासी है. उसने युवती को शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ संबंध बनाया. (नीचे भी पढ़ें)
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने पहली बार 1 जनवरी 2024 को उसके साथ शारीरिक संबंध स्थापित किया था. इसके बाद लगातार एक साल तक वह शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण करता रहा. जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो शमीम साफ मुकर गया. इस मामले को लेकर विगत 15 जनवरी 2025 के बाद मोहल्ले में पंचायत भी हुई, मगर समाधान नहीं निकल सका. (नीचे भी पढ़ें)
अंततः पीड़िता का परिवार थाना पहुंचा और लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपी के खिलाफ यौन शोषण और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है. हालांकि मामला दर्ज होने की भनक लगने के बाद से आरोपी शमीम अख्तर नदवी फरार है. पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा.











