जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित पुराने एमजीएम अस्पताल के सामने सोमवार शाम कथित रूप से रंगदारी की मांग को लेकर हुई हिंसक घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. जानकारी के अनुसार कुछ युवक चापड़ लेकर एक दुकानदार के पास पहुंचे और उससे रंगदारी की मांग करने लगे. प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि युवकों का नेतृत्व नंदू लोहार कर रहा था. जब दुकानदार ने रंगदारी देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उस पर चापड़ से हमला कर दिया. हमले में दुकानदार के हाथ में गंभीर चोट आई, जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में जुट गए. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को हिरासत में ले लिया, जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए. घायल दुकानदार को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है. प्रारंभिक जांच में मामला रंगदारी वसूली के प्रयास से जुड़ा बताया जा रहा है. पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच में दोषी पाए जाने वाले सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है.




