जमशेदपुर: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता, पार्टी के पूर्व प्रखंड उपाध्यक्ष एवं चित्रगुप्त समिति के सदस्य प्रकाश सहाय की माता गीता सहाय (68) का सोमवार करीब 3 बजे रांची स्थित रिम्स अस्पताल में निधन हो गया. वह पिछले करीब दो महीनों से गंभीर रूप से बीमार थीं और अस्पताल में भर्ती थीं. परिजनों के अनुसार, उनका लंबे समय तक कोलकाता के मेडिका अस्पताल में भी इलाज चला. बाद में उन्हें रांची रिम्स में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान मल्टी ऑर्गन फेलियर के कारण उन्होंने अंतिम सांस ली. गीता सहाय अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं. उनके परिवार में दो पुत्र, तीन पुत्रियां तथा नाती-पोतों सहित अनेक परिजन हैं. उनके निधन की खबर से परिवार, शुभचिंतकों तथा सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में शोक की लहर है. (नीचे भी पढ़ें)

पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार मंगलवार को किया जाएगा. अंतिम यात्रा मंगलवार को दोपहर 12 बजे घोड़ाबांधा स्थित राधिका नगर स्थित उनके आवास से निकलेगी, जिसके बाद भुइयाडीह बर्निंग घाट में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने गीता सहाय के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की.







