जमशेदपुर : जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित ट्यूब कंपनी गेट के सामने वर्षों से संचालित सब्जी मंडी को शुक्रवार को हटाए जाने के बाद विस्थापित दुकानदारों की चिंता बढ़ गई है. दुकानदारों का कहना है कि यह मंडी पिछले 30-35 वर्षों से यहां लग रही थी और वर्ष 2019 से 2024 के दौरान तत्कालीन विधायक सरयू राय के कार्यकाल में भी इसे हटाने का मुद्दा उठा था. उस समय बातचीत के बाद यह सहमति बनी थी कि टाटा स्टील जितनी जमीन की तत्काल आवश्यकता होगी, उतनी ही लेगी और शेष स्थान पर दुकानदार अपना व्यवसाय जारी रख सकेंगे. दुकानदारों का कहना है कि अब कंपनी को पूरी जमीन की जरूरत है, लेकिन हटाने से पहले पुनर्वास की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए. (नीचे भी पढ़ें)

उनके अनुसार, मनीफीट बाईपास स्थित पावर हाउस फैक्ट्री के पास वेंडिंग जोन विकसित करने की बात कही गई है, लेकिन उस स्थान की सुरक्षा को लेकर आशंकाएं हैं. मंडी में बड़ी संख्या में महिला दुकानदार कार्य करती हैं, जिन्हें देर शाम तक काम करना पड़ता है. दुकानदारों ने स्पष्ट किया कि वे वैकल्पिक स्थान पर जाने का विरोध नहीं कर रहे हैं. उनकी मांग सिर्फ इतनी है कि पहले सुरक्षित और उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनकी आजीविका और परिवार दोनों सुरक्षित रह सकें. उन्होंने टाटा स्टील से सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराने की अपील की है.




