जमशेदपुर : शौर्य संस्था की ओर से सोमवार को शहीदेआज़म सरदार भगत सिंह की जयंती एवं संस्था के स्थापना दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में संस्था के सदस्यों ने बाराद्वारी स्थित वृद्धाश्रम के बुजुर्गों के साथ स्थापना दिवस मनाया तथा शहीदेआज़म भगत सिंह जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने भगत सिंह जी के जीवन, उनके अदम्य साहस, देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति उनके सर्वोच्च बलिदान को स्मरण किया. संस्था के संस्थापक अमरजीत सिंह राजा ने कहा कि भगत सिंह जी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है. उन्होंने मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देकर देश के इतिहास में अमिट स्थान बना लिया. साथ ही, देश की सीमाओं पर विकट परस्थिति में भी मां भारती की रक्षा में निरंतर अपनी सेवा दे रहे अपने सैनिक भाइयों को भी प्रणाम है. (नीचे भी पढ़ें)

संस्था के स्थापना दिवस के अवसर पर वृद्धाश्रम के बुजुर्गों के साथ समय बिताते हुए उनको सम्मान देते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया. अमरजीत सिंह राजा ने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं. उनके अनुभव, संस्कार और मार्गदर्शन से समाज को निरंतर दिशा मिलती है. बुजुर्गों के सम्मान और सेवा को सामाजिक दायित्व मानते हुए शौर्य संस्था भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक एवं सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाएगी. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम में शौर्य संस्था के तेजिंदर सिंह जॉनी, ओंकार सिंह, नारायण प्रसाद, गोबू घोष, मनीष पाण्डेय, बंटी सिंह, किशोर साहू, मुनचुन प्रसाद, राहुल कर्मकार, धनेश्वर सिंह, अनिल अग्रवाल एवं अन्य सदस्य एवं बुजुर्ग जन उपस्थित रहे.




