जमशेदपुर: गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी साकची के तत्वावधान में 8 मार्च रविवार को गुरुद्वारा साहिब साकची परिसर में पहली बार एक दिवसीय ‘होला महल्ला’ का भव्य आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम प्रातः 7:30 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक होगा.माता साहिब कौर गतका अकादमी के सहयोग से आयोजित होला महल्ला में खेल प्रतियोगिताएं, क्विज एवं आकर्षक सरप्राइज कार्यक्रम शामिल रहेंगे. प्रवेश निःशुल्क रखा गया है. कार्यक्रम की रुपरेखा तय करने के लिए सोमवार को कमिटी की एक बैठक साकची गुरुद्वारा साहिब में रखी गयी थी, जिसमे प्रधान निशान सिंह की अध्यक्षता में उपस्थित सदस्यों में मुख्य रूप से महासचिव परमजीत सिंह काले सहित जसबीर सिंह गांधी, सतनाम सिंह घुम्मन, त्रिलोचन सिंह तोची, दलजीत सिंह, सतपाल सिंह राजू , मनोहर सिंह मीते, जितेंद्र सिंह राजा, दमनजीत सिंह हन्नी, बीबी हरप्रीत कौर, बीबी अवनीत कौर, बीबी मनजीत कौर और बीबी बलजिंदर कौर आदि उपस्थित रहे. इस अवसर पर कार्यक्रम की रुपरेखा का पोस्टर भी जारी किया गया.(नीचे भी पढ़े)
प्रधान सरदार निशान सिंह ने कहा कि होला महल्ला केवल एक पर्व मात्र नहीं बल्कि साहस, सेवा और शौर्य की पहचान है. उनका उद्देश्य नई पीढ़ी को सिख इतिहास और परंपराओं से जोड़ना है. उन्होंने संगत से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में अपने बच्चों सहित कार्यक्रम में भाग लें और इस ऐतिहासिक परंपरा का हिस्सा बनें.वहीं महासचिव परमजीत सिंह काले ने प्रकाश डालते हुए कहा कि इस आयोजन के माध्यम से बच्चों और युवाओं को सिख इतिहास, गुरुओं की शिक्षाओं तथा वीरता की परंपरा के बारे में जानकारी दी जाएगी. क्विज और अन्य गतिविधियों के जरिए प्रतिभागियों को ज्ञान अर्जित करने का अवसर मिलेगा. उन्होंने भी संगत से बढ़-चढ़कर भाग लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की. परमजीत सिंह ने कहा एक दिवसीय कार्यक्रम में लंगर बरताया जायेगा.







