जमशेदपुर : टाटा स्टील के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की बैठक 30 जुलाई को आहूत की गयी है. गुरुवार को आहूत इस बैठक में कंपनी वित्तीय वर्ष 2026-2027 के प्रथम तिमाही यानी अप्रैल से जून माह तक का वित्तीय लेखा जोखा प्रस्तुत करेगा. समेकित और एकल रिपोर्ट जारी करेगा. कंपनी की ओर से इसकी जानकारी कपनी के कंपनी सेक्रेटरी और चीफ लीगल ऑफिसर पार्वथीसम कांचिनाधम ने बीएसइ और ए़एसइ को दी है. बैठक में 30 जून 2026 को समाप्त तिमाही (पहली तिमाही) के वित्तीय परिणामों की समीक्षा और अनुमोदन किया जाएगा. इसमें कंपनी के लेखापरीक्षित स्वतंत्र (ऑडिटेड स्टैंडलोन) और गैर-लेखापरीक्षित समेकित (अनऑडिटेड कंसोलिडेटेड) वित्तीय परिणामों को रिकॉर्ड पर लिया जाएगा. यह बैठक कंपनी के कुछ बड़े रणनीतिक फैसलों के तुरंत बाद हो रही है. 2 जुलाई को हुई 119वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में शेयरधारकों ने 4 रुपये प्रति शेयर लाभांश (डिविडेंड) को मंजूरी दी थी. (नीचे भी पढ़ें)
कंपनी ने 24 जून 2026 को अपनी विदेशी सहायक इकाई टी स्टील होल्डिंग्स पीटीई लिमिटेड में 172 मिलियन अमेरिकी डॉलर (1,625 करोड़ रुपये) का अतिरिक्त इक्विटी निवेश पूरा किया है. कलिंगनगर में 27,000 करोड़ रुपये के फेज 2 विस्तार कार्य की प्रगति पर भी बाजार की नजर रहेगी. इस बोर्ड बैठक के परिणाम और पहली तिमाही के परफॉर्मेंस रिपोर्ट को टाटा स्टील की आधिकारिक वेबसाइट या बीएसइ इंडिया के कारपोरेट घोषणा सेक्शन पर देखा जा सकेगा.




