जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना अंतर्गत आमबगान स्थित एएसजी अस्पताल के पास रविवार की रात करीब नौ बजे घर के बाहर टहलने के लिए निकली एक बुजुर्ग महिला (60 वर्षीय) के गले से दो बाइक सवार बदमाशों द्वारा चेन छीनने का प्रयास किया गया, लेकिन महिला द्वारा साहस दिखाने पर बदमाशों द्वारा हवाई फायरिंग करते हुए भाग खड़े हुए. इस दौरान दो राउंड फायरिंग की गयी. घटना रविवार रात की है, जहां घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस आस पास लगे सीसीटीवी खंगाल रही है. इस दौरान साकची थाना प्रभारी आनंद कुमार ने बताया रविवार रात पल्सर सवार बदमाशों ने बुजुर्ग महिला की सोने की चेन देख छीनने की कोशिश की, परंतु वे असफल रहे. (नीचे भी पढ़ें)
बुजुर्ग महिला अपनी भतीजी के साथ रात करीब नौ बजे खाना खाकर घर के बाहर टहलने निकली थी, जैसे ही बाइक सवार दो बदमाश आये और महिला की सोने की चेन छीनने का प्रयास किया वैसे ही महिला ने विरोध किया, तो बदमाशों ने हवाई फायरिंग की. तभी उनके पति घर से पत्थर लेकर निकले तो डराने के लिए बदमाशों ने फिर उन पर फायरिंग की. पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है. फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गयी है और आसपास की सीसीटीवी खंगाल रही है.




