जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के होम पाइप बस्ती स्थित निर्मल नगर में शुक्रवार सुबह एक महिला से सोने की चेन छिनतई और उसके बेटे पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि बदमाशों ने महिला के बेटे अमित कुमार के साथ मारपीट करने के बाद चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और नाले में फेंक दिया. पीड़ित युवक की मां के अनुसार, शुक्रवार सुबह उनके घर के ठीक बाहर कुछ युवक तार जला रहे थे. उन्होंने घर से बाहर निकलकर युवकों को ऐसा करने से मना किया, जिसके बाद उनके बीच बहस शुरू हो गई. महिला का आरोप है कि विवाद के दौरान युवकों ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली, जिसकी कीमत करीब 1 से 1.50 लाख रुपए थी. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद उनके बेटे अमित कुमार के साथ मारपीट की गई और चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. आरोप है कि हमलावरों ने घायल अमित को नाले में फेंक दिया. परिवार के अन्य सदस्यों ने जब बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उन्हें भी धमकी दी. पीड़ित परिवार का कहना है कि युवकों ने धमकाते हुए कहा कि अगर कोई सामने आया तो उसे भी मार दिया जाएगा. घटना में अमित कुमार के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं. परिजनों ने उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है. पीड़ित परिवार ने मामले की सूचना सीतारामडेरा थाना पुलिस को दे दी है. महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि वारदात को अंजाम देने से पहले या उसके दौरान आरोपियों ने उनके घर के बाहर लगे दो सीसीटीवी कैमरों को निकाल दिया, ताकि पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड न हो सके. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.




