जमशेदपुर: जमशेदपुर के सोनारी थाना अंतर्गत एरोड्रम बाजार रोड के पास वर्द्धमान ज्वेलर्स डकैती मामले में पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है. पुलिस पलामू के कुख्यात ऋषिराज सोनी और उसके गिरोह की तलाश में छापेमारी कर रही है. हालांकि ऋषिराज पुलिस की पकड़ से बाहर है. वहीं, शातिर अपराधी विकास सिंह उर्फ हेते के भाई बंटी सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. पुलिस सूत्रों के अनुसार डकैती में शामिल अपराधियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज से कर ली गई है. उनकी गिरफ्तारी के लिए तीन अलग-अलग टीमों वाली एसआईटी बनाई गई है. एक टीम को पलामू भेजा गया है, दूसरी रांची में छापेमारी कर रही है जबकि तीसरी टीम टेक्निकल एंगल से जांच कर रही है. इससे पहले भी ऋषिराज सोनी पर कई डकैतियों के आरोप लग चुके हैं.(नीचे भी पढे)
मई 2023 में सोनारी एमवी ज्वेलर्स से 80 लाख की डकैती मामले में भी उसका नाम सामने आया था. उस केस में पुलिस ने ऋषिराज के साथ गोविंदा पासवान, राहुल शर्मा और अभिषेक गुप्ता को जेल भेजा था. सभी आरोपी फिलहाल जमानत पर बाहर हैं. जानकारी के अनुसार बुधवार को बाइक सवार छह बदमाशों ने वर्द्धमान ज्वेलर्स से 10 लाख रुपये के सोने की चेन लूट ली थी. इस वारदात के बाद चांडिल से दो चोरी की बाइक भी बरामद की गई थी. पुलिस का मानना है कि इस डकैती के पीछे भी ऋषिराज सोनी और विकास सिंह उर्फ हेते के गिरोह का हाथ है. हालांकि पुलिस कुछ भी बताने से इनकार कर रही है.















