
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना अंतर्गत कुम्हार पाड़ा निवासी पवन लाल की पत्नी बीना देवी (31) की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई. वह अपने घर के कमरे में फंदे से झूलती पाई गई. घटना के बाद परिजनों ने उसे तत्काल फंदे से उतारकर टीएमएच पहुंचाया जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इधर मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या कर शव को फंदे से लटका देने का आरोप लगाते हुए सोनारी थाना में शिकायत की है. पुलिस ने पति पवन को हिरासत में ले लिया है हालांकि ससुराल पक्ष के अन्य लोग फरार है. मिली जानकारी के अनुसार मानगो के पारडीह निवासी बीना देवी की शादी सोनारी निवासी पवन लाल से 1 अगस्त 2020 को हुई थी. शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के द्वारा दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा. वह अपनी आपबीती मायके में भी बताती थी. शनिवार की शाम वह अपने कमरे में फंदे से झूलती पाई गई. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. इधर दूसरी ओर सोनारी कपाली बस्ती निवासी 62 वर्षीय निताई गोराई ने भी रविवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. दोनों के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
















