जमशेदपुर : साकची गुरुद्वारा के प्रधान सरदार निशान सिंह ने घोषणा की है कि साकची की सिख संगत को नवीकृत वातानुकुलित साकची गुरुद्वारा संगत की सेवा में समर्पित करेंगे और इस अवसर पर गुरु ग्रन्थ साहिब के प्रकाशोत्सव पर 15 सितंबर से दो दिवसीय विशेष समागम आयोजित किया जायेगा. इस घोषणा से पूर्व सरदार निशान सिंह ने साकची गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के सदस्यों और पदाधिकरियों के साथ बैठक कर की जाने वाली तैयारियों का जायजा लिया. सरदार निशान सिंह ने तैयारियों को लेकर सभी पदाधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए. (नीचे भी पढ़ें)

प्रधान सरदार निशान सिंह और महासचिव परमजीत सिंह काले ने बताया कि बैठक में आगामी 15 और 16 सितम्बर को साकची गुरुद्वारा में गुरु ग्रन्थ साहिब का पहला प्रकाशोत्सव मनाने का निर्णय लिया गया जो कि एक विशेष आयोजन होगा. इस आयोजन के साथ ही साकची गुरुद्वारा का नवीकृत रूप संगत को समर्पित किया जायेगा. सुखविंदर सिंह निक्कू और जसबीर सिंह गांधी ने बताया कि समागम में पंजाब के कीर्तनी जत्थे संगत को मधुर सबद-कीर्तन से निहाल करेंगे. जोगिन्दर सिंह जोगी और सतनाम सिंह घुम्मन ने बताया कि इस दौरान एक शोभायात्रा भी निकाली जाएगी जिसका नेतृत्व सिख स्त्री सत्संग सभा और सुखमनी जत्था की बीबियां करेंगी. (नीचे भी पढ़ें)

समागम के सफल आयोजन को लेकर ताज सिंह और सुरजीत सिंह छीते ने अपील की है कि जमशेदपुर की समस्त सिख संगत इस विशेष समागम के आयोजन का हिस्सा बने. सरदार निशान सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में परमजीत सिंह काले, जसबीर सिंह गांधी, सुरजीत सिंह छीते, जोगिंदर सिंह जोगी, सतिंदर सिंह रोमी, जगमिंदर सिंह, बलबीर सिंह धंजल, कृतजित सिंह रॉकी, मनोहर सिंह मित्ते, अवतार सिंह, सरबजीत सिंह, अमरपाल सिंह, सिख स्त्री सत्संग सभा की बीबी मनजीत कौर, बीबी चरण कौर, बीबी अमरीक कौर सुखमनी साहिब कीर्तनी जत्था की बीबी जोगिंदर कौर, बीबी रणजीत कौर और बीबी राजबीर कौर उपस्थित रहीं.












