जमशेदपुर: विद्या भारती उत्तर-पूर्व क्षेत्र के आयोजन एवं विद्या विकास समिति, झारखंड के आतिथ्य में 37वां क्षेत्रीय खेलकूद (एथलेटिक्स) प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ बुधवार, 7 अक्टूबर को सुमंत मूलगांवकर स्टेडियम, टेल्को में हुआ. प्रतियोगिता का आयोजन प्रगति सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बिरसानगर द्वारा किया जा रहा है. तीन दिवसीय यह प्रतियोगिता 7 से 9 अक्टूबर तक चलेगी, जिसमें झारखंड एवं बिहार की प्रांतीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में सफल प्रतिभावान खिलाड़ी विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. (नीचे भी पढ़े)

उद्घाटन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, विशिष्ट अतिथि पूर्वी जमशेदपुर की विधायक पूर्णिमा साहू, जिला खेल पदाधिकारी रूपा रानी तिर्की, विद्या भारती के क्षेत्रीय संगठन मंत्री ख्याली राम, प्रदेश सचिव नकुल कुमार शर्मा, भारतीय शिक्षा समिति के प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा, विभाग प्रमुख तुलसी ठाकुर, सह विभाग प्रमुख ब्रेन कुमार टुडू सहित विभिन्न विद्यालयों के पदाधिकारियों, प्रधानाचार्यों एवं गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में हनुमत पूजन, दीप प्रज्वलन, पुष्पार्चन एवं वंदना के साथ हुआ.(नीचे भी पढ़े)

विद्यालय के प्रधानाचार्य अभिलाष गिरि ने अतिथियों का स्वागत एवं परिचय कराया. प्रदीप कुमार कुशवाहा ने कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रस्तुत की. स्थानीय विद्यालय के भैया-बहनों ने स्वागत गीत एवं समारोह गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया.इसके पश्चात मुख्य अतिथि विद्युत वरण महतो एवं जिला खेल पदाधिकारी रूपा रानी तिर्की ने प्रतियोगिता के ध्वज का ध्वजारोहण किया. विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने अनुशासनबद्ध मार्च-पास्ट करते हुए अतिथियों को अभिवादन दिया. विधायक पूर्णिमा साहू ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, सहयोग, आत्मविश्वास एवं आपसी प्रेम की भावना का विकास करता है. उन्होंने खिलाड़ियों को पूरी ऊर्जा एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया.मुख्य अतिथि विद्युत वरण महतो ने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शारीरिक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रभावना के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है. (नीचे भी पढ़े)

उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं. राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर, धनबाद के एसजीएफआई प्रतिभावान खिलाड़ी वेद प्रकाश, 110 मीटर एवं 400 मीटर बाधा दौड़ के प्रतिभागी, ने खिलाड़ियों को खेल शपथ दिलाई. इसके बाद अतिथियों द्वारा खेल मशाल प्रज्वलित कर प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की गई. मशाल तीनों दिनों तक खिलाड़ियों में खेल भावना, ऊर्जा, अनुशासन एवं निरंतर प्रयास की प्रेरणा का प्रतीक बनी रहेगी.इस अवसर पर संगीत आचार्य भाग्यधर साहिस के मार्गदर्शन में स्थानीय विद्यालय के भैया-बहनों द्वारा गणेश वंदना, नागपुरी नृत्य, विप्रम गीत एवं वंदे मातरम् नृत्य की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं. प्रस्तुतियों ने समारोह में देशभक्ति एवं सांस्कृतिक रंग भर दिया. (नीचे भी पढ़े)

क्षेत्रीय मार्गदर्शक खेलकूद प्रदीप कुमार कुशवाहा ने प्रतियोगिता की उद्घाटन घोषणा की. कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय संगठन मंत्री ख्याली राम ने की. क्षेत्रीय मंत्री रामअवतार नारसरिया ने आशीर्वचन प्रदान करते हुए खिलाड़ियों को अनुशासन, समर्पण एवं खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया.अंत में विद्यालय समिति के अध्यक्ष भोला कुमार मंडल ने सभी अतिथियों, समितियों, आचार्यों, कार्यकर्ताओं एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों के प्रति आभार व्यक्त किया. (नीचे भी पढ़े)

वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ उद्घाटन समारोह का समापन हुआ.प्रतियोगिता में झारखंड एवं बिहार के विभिन्न विद्यालयों से आए प्रतिभावान खिलाड़ी दौड़, बाधा दौड़ सहित विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं. प्रतियोगिता को लेकर सुमंत मूलगांवकर स्टेडियम में उत्साह, ऊर्जा, अनुशासन और खेल भावना का विशेष वातावरण बना हुआ है.







