
जमशेदपुर : आए दिन होने वाले विवाद से तंग आकर पत्नी ने किरोसिन छिड़कर आत्महत्या का प्रयास किया. हालांकि, पति ने पत्नी को आग लगाने से रोक लिया. दूसरे दिन फिर से विवाद के बाद पति ने खुद को आग लगा ली. इधर इलाज के दौरान रविवार को टीएमएच में उसकी मौत हो गई. दरअसल, ओड़िशा के केंदुझार के जाजंगा गांव निवासी 22 वर्षीय अमित कुमार गुप्ता का अपनी पत्नी गुलिया करुवा के साथ आर्थिक तंगी को लेकर अक्सर विवाद हुआ करता था. विवाद के बाद 15 मार्च को गुलिया ने खुद पर किरोसिन छिड़क लिया और आग लगाने की कोशिश की. हालांकि, इस दौरान अमित ने उसे रोक लिया. दूसके दिन 16 मार्च को फिर से विवाद हुआ. इसी बीच अमित ने खुद को आग लगा ली. परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए स्थानीय सरकारी अस्पताल ले गए. हालात बिगड़ने पर उसे 19 मार्च को टीएमएच में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. परिजनों ने बताया कि अमित ने वर्ष 2012 में ही 12 वर्ष की उम्र में 14 वर्षीय गुलिया से भाग कर शादी कर ली थी. शादी के बाद दोनों घर से अलग होकर रह रहे थे. दोनों के दो बच्चे हैं, जिसमें एक पांच साल का और एक दो साल का है. शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद होता रहा था. अमित वाहन चलाने का काम करता था. आर्थिक तंगी को लेकर पति ने पत्नी से विवाद के बाद खुद को आग लगा ली.






