जमशेदपुर : जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित मुस्लिम बस्ती की रहने वाली तमन्ना परवीन ने रविवार शाम करीब 6 बजे (मानगो पुल) पर आत्महत्या का प्रयास किया. बताया जा रहा है कि वह निजी जीवन की परेशानियों और मानसिक तनाव से जूझ रही थी, जिसके कारण उसने यह कदम उठाने की कोशिश की. घटना के दौरान पुल से गुजर रहे स्थानीय लोगों और वहां मौजूद पत्रकारों की नजर युवती पर पड़ गई. स्थिति की गंभीरता को समझते हुए लोगों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और समय रहते उसे सुरक्षित रोक लिया. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद उन्होंने तमन्ना को समझाया, उसका हौसला बढ़ाया और उसे शांत करने का प्रयास किया. सूचना मिलने पर मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को अपने संरक्षण में लिया. पुलिस ने उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी. प्रारंभिक बातचीत और काउंसलिंग के बाद तमन्ना को उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया. स्थानीय लोगों की सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता के कारण एक बड़ी अनहोनी टल गई. फिलहाल युवती सुरक्षित है और अपने परिजनों के साथ है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मानसिक तनाव की स्थिति में अकेले न रहें और आवश्यकता पड़ने पर परिवार, मित्रों या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों से सहायता लें.






