
जमशेदपुर: जमशेदपुर के आजादनगर थाना अंतगर्त ओल्ड पुरुलिया रोड निवासी 16 वर्षीय नाबालिग ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना बीती रात की है. घटना की सूचना मिलने पर परिजनों ने आजादनगर पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और नाबालिग के शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस संबंध में आजादनगर थाना प्रभारी नरेश सिन्हा ने बताया कि मृतका की मां के अनुसार देर रात खाना खाने के बाद उनकी बेटी अपने कमरे में सोने के लिए चली गई थी. उसी कमरे में छोटी बेटी भी सोती है. जब छोटी बेटी रात के लगभग 12.30 बजे सोने के लिए गई तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया. काफी देर तक आवाज लगाने पर भी जब अंदर से किसी तरह की आवाज नहीं आने पर उसने खिड़की से झांका तो बड़ी बेटी फंदे से लटकी हुई थी. फिलहाल परिजनों के बयान पर अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया जा रहा है.




