
जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना अंतर्गत सोपोडेरा में 20 वर्षीय राधी टुडू का शव संदिग्ध अवस्था में पाया गया. घटना बुधवार रात 10 बजे की है. इस मामले में मृतिका के पिता साधु टुडू ने मृतिका के प्रेमी रुपाई बास्के पर हत्या का आरोप लगाते हुए परसुडीह थाने में मामला दर्ज कराया है. हालांकि इस मामले में रूपाई बास्के का कहना है कि राधी ने फांसी लगा कर आत्महत्या की है. शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है. मृतिका मजदूरी करती है और रूपाई के साथ बीते एक हफ्ते से सोपोडेरा में पवन कुमार के घर पर किराए के मकान में रह रही थी. साधु टुडू ने बताया कि उसे गुरुवार सुबह सूचना दी गई की राधी ने फांसी लगा ली है. जब वे मौके पर पहुंचे तो उन्होंने पाया कि शव को नीचे रखा गया था. उन्होंने रुपाई पर हत्या का आरोप लगाया है. वहीं रूपाई का कहना है कि बीती रात 10 बजे उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है.




