जमशेदपुर : श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र, अयोध्या के ट्रस्टी एवं उडुपी पेजावर मठ पीठाधीश्वर स्वामी विश्वप्रसन्न तीर्थ जी सोमवार, 22 सितंबर को जमशेदपुर आ रहे हैं. वे आंध्र प्रदेश से सड़क मार्ग से भुवनेश्वर होते हुए संध्या 4 बजे बिष्टुपुर स्थित आंध्र भक्त श्रीराम मंदिर पहुंचेंगे. मंदिर में दुर्गापूजा के प्रथम दिन श्री राजराजेश्वरी दुर्गा देवी के नवरात्र उत्सवम् आरम्भ होगा. इस अवसर पर स्वामीजी कुमकुम अर्चना एवं विशेष पूजा-अर्चना करेंगे, जिसके पश्चात भक्तों को दर्शन एवं आशीर्वाद प्रदान करेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
आंध्र भक्त श्री राम मंदिर कमेटी के डिप्टी प्रेसिडेंट एवं झारखंड राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड के सदस्य जम्मी भास्कर ने बताया कि भक्तजन 22 सितंबर की शाम से 23 सितंबर की शाम तक स्वामीजी के दर्शन का लाभ ले सकेंगे. इसके बाद 23 सितंबर की शाम 4:00 बजे वे गयाजी के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां वे अपने धार्मिक कार्यक्रमों को आगे बढ़ाएंगे. उन्होंने बताया कि पूज्य स्वामीजी वैदिक शिक्षा, गौ-संरक्षण और भारतीय सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण में अपने विशेष योगदान के लिए विख्यात हैं. अयोध्या के श्रीराम मंदिर के निर्माण में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. उनके आगमन को लेकर भक्तों में भारी उत्साह है और मंदिर प्रबंधन ने उनके प्रवास व पूजा-अर्चना के लिए विशेष प्रबंध किए हैं. उन्होंने बताया कि भक्तों से इस पावन अवसर पर सपरिवार उपस्थित होकर स्वामी जी के दर्शन एवं आशीर्वचन का लाभ उठाने की अपील की जा रही है.











