जमशेदपुर : कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रोफेसर डॉ जयंत शेखर और विश्वविद्यालय के वरिष्ठ सिंडिकेट सदस्य सह जमशेदपुर को-ऑपरेटिव विधि महाविद्यालय के चेयरमैन राजेश कुमार शुक्ल ने गुरुवार को कॉलेज के नवनिर्मित भवन के निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान श्री शुक्ल और डॉ शेखर के साथ कॉलेज के प्राचार्य डॉ जीतेन्द्र कुमार भी थे। श्री शुक्ल और डॉ शेखर ने प्राचार्य डॉ जीतेन्द्र कुमार के साथ बैठक कर इस कॉलेज में आधारभूत संरचना बढ़ाने के लिए तत्परता से कार्य करने का निर्देश दिया। साथ ही विश्वविद्यालय को एक प्रगति प्रतिवेदन और कमी का ब्योरा भेजने का भी निर्देश दिया, ताकि उस कमी को शीघ्र दूर कराया जा सके। कुलसचिव डॉ जयंत शेखर ने सिंडिकेट सदस्य राजेश शुक्ल का विश्वविद्यालय की तरफ से आभार जताया, जिनके सहयोग से इस महाविद्यालय को लगातार बार काउंसिल ऑफ इंडिया से संबद्धता मिल रही है। (नीचे भी पढ़ें)
इस दौरान कॉलेज के प्राचार्य डॉ जीतेन्द्र कुमार ने भी श्री शुक्ल के योगदान और प्रयास की प्रशंसा की, जिनके मार्गदर्शन में इस लॉ कॉलेज में तेजी से आधारभूत संरचना बढ़ रही है। कॉलेज के चेयरमैन राजेश कुमार शुक्ल अधिवक्ता ने कहा कि इस कॉलेज को एक वर्ष में शानदार और आधुनिक आधारभूत संरचना सुलभ कराने की दिशा में प्रयास होगा। विश्वविद्यालय का पूरा सहयोग और समर्थन मिल रहा है। कुलपति और कुलसचिव इस कॉलेज के उन्नयन के प्रति गंभीर हैं।



