जमशेदपुर : आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हर व्यक्ति किसी न किसी चिंता, तनाव या उलझन से गुजर रहा है. कई बार परिस्थितियां ऐसी बन जाती हैं कि इंसान समझ नहीं पाता कि आगे का रास्ता क्या हो और किस दिशा में कदम बढ़ाया जाए. ऐसे लोगों के लिए शहर की प्रख्यात लेखिका एवं समाजसेविका सीता सिंह अब एक नए रूप में सामने आने जा रही हैं. गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर 14 सितंबर से सीता सिंह टैरो रीडर के रूप में अपनी नई यात्रा का शुभारंभ करेंगी. टैरो रीडिंग के माध्यम से वह लोगों को स्वास्थ्य, करियर, आर्थिक परिस्थितियों, प्रेम संबंधों और जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन देने के साथ सकारात्मक सोच और ऊर्जा की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी. सीता सिंह का व्यक्तित्व बहुआयामी रहा है. वह लेखिका, अभिनेत्री, गायिका, न्यूज एंकर और सोशल वर्कर के रूप में अपनी पहचान बना चुकी हैं. (नीचे भी पढ़ें)

इसके अलावा वह टाटा स्टील के कॉरपोरेट कम्युनिकेशंस से भी जुड़ी रही हैं. विभिन्न क्षेत्रों में लंबे अनुभव के बाद अब उन्होंने टैरो रीडिंग को लोगों से संवाद और उन्हें जीवन की चुनौतियों से निपटने की दिशा दिखाने का एक नया माध्यम बनाया है. सीता सिंह का मानना है कि टैरो रीडिंग को भविष्य बताने तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि इसे आत्मचिंतन और सही दिशा तलाशने के माध्यम के रूप में देखा जा सकता है. उनका प्रयास होगा कि जीवन की परेशानियों से जूझ रहे लोगों को अपनी परिस्थितियों को नए नजरिए से देखने और सकारात्मक निर्णय लेने में मदद मिले. तेजी से बदलती जीवनशैली और बढ़ते मानसिक दबाव के बीच जब कई लोग अपने भविष्य, करियर, रिश्तों और आर्थिक परिस्थितियों को लेकर असमंजस में रहते हैं, ऐसे में सीता सिंह का यह नया प्रयास लोगों के लिए मार्गदर्शन का एक अलग माध्यम बन सकता है.




