
जमशेदपुर : यास तूफान के बाद नदियों का जलस्तर बढ़ने पर निचले बस्तियों में घुसा पानी आज उतर गया. इसके बाद लोग घर व सामानों की सफाई करने में जुटे रहे, वहीं रेड क्रॉस की टीम अपने पूर्व निर्धारित अभियान में लग गयी. बागबेड़ा की निचली बस्तियों में जहां तक पानी चढ़ा था, वहां से लेकर पानी के बहाव क्षेत्र तक रेड क्रॉस की टीम ने ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया. रेड क्रॉस की टीम ने हर गली, हर नाली और हर सड़क, मैदान तथा घरों में इस अभियान को चलाया. इस अभियान में बस्ती वासियों के सहयोग से अंतिम छोर तक जाकर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया. रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह के दिशा-निर्देश पर रेड क्रॉस कार्यकर्ता विशाल कुमार सिंह, अशोक कुमार सिंह, धर्मेन्द्र कुमार, राधेश्याम कुमार, प्रमोद कुमार, गोविन्दा के नेतृत्व में टीम बनाकर हर गली तक ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया. रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने बताया कि इन क्षेत्रों में स्थिति सामान्य करने के लिए रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम हर सम्भव कार्य करेगी.




