जमशेदपुर : जमशेदपुर में चोरों के हौसले बुलंद होते नजर आ रहे हैं. शहर में चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच शनिवार देर रात राजस्थान भवन के पास चोरों ने एक साथ करीब 12 दुकानों को निशाना बनाया. बदमाशों ने दुकानों के ताले तोड़कर नकदी और कीमती सामानों पर हाथ साफ कर दिया. शुरुआती अनुमान के अनुसार करीब दो लाख रुपये के सामान की चोरी हुई है, हालांकि दुकानदार अभी भी अपने नुकसान का आकलन कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)

रविवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में दुकानदार मौके पर पहुंचे. एक साथ इतनी दुकानों में चोरी की वारदात से व्यापारियों में भारी नाराजगी है. उनका कहना है कि पुलिस नियमित रात्रि गश्त का दावा करती है, लेकिन इसके बावजूद एक ही रात में 12 दुकानों के ताले टूट जाना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है. (नीचे भी पढ़ें)
व्यापारियों का आरोप है कि चोरों में पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है. उनका कहना है कि पिछले करीब एक महीने से इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं और लगभग हर दिन किसी न किसी दुकान को निशाना बनाया जा रहा है. इसके बावजूद अब तक पुलिस चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने या आरोपियों की गिरफ्तारी में सफल नहीं हुई है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और चोरी करने वाले बदमाशों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है. वहीं, व्यापारियों ने पुलिस से इलाके में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर जल्द अंकुश लगाने की मांग की है.





