जमशेदपुर : जमशेदपुर समेत आदित्यपुर में इन दिनों लगातार चोरी की घटना सामने आ रही है. जहां सुबह होते ही कहीं न कहीं से लोगों को चोरी की सूचना मिल ही जाती है. इसके पीछे लोग पुलिस को ही जिम्मेदार बता रहे है और बताए भी क्यों नहीं जब पुलिस रात में पेट्रोलिंग करती है उसके बावजूद कैसे चोर चोरी की घटना को अंजाम दे देते है. वहीं ताजा मामला बागबेड़ा थाना क्षेत्र का है. जहां बड़ौदा घाट रॉयल कॉलोनी स्थित प्रधानटोला स्कूल के पास रांची में पदस्थापित पुलिस जवान अभिषेक तिवारी के घर चोरों ने बीती रात हाथ साफ किया. यहां चोरों ने घर की पूर्व की ओर बनी खिड़की की लोहे की ग्रिल काटकर घर में प्रवेश किया. उसके बाद कमरे में रखी अलमीरा का लॉक तोड़कर उसमें रखे करीब लाखों के जेवरात और तीस हजार की नकदी पर हाथ साफ कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
अभिषेक फिलहाल रांची में रहते हैं. उनके भाई अमित तिवारी और घर की महिलाएं घर पर थी. भुक्तभोगी बेबी देवी ने बताया कि वह जब सुबह जगे तो अलमीरा टूटा पाया. सामान इधर उधर बिखरा पड़ा था. छानबीन करने पर पता चला कि घर की खिड़की की लोहे की ग्रिल भी टूटी हुई है. घटना की जानकारी पाकर आसपास के लोग जुट गये. लोगों में चोरी की घटना से दहशत बनी हुई है. सूचना पाकर बागबेड़ा थाना की पुलिस घटनास्थल पहुंची और छानबीन की. इस बाबत अमित तिवारी ने थाना में अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कराया है. आवेदन के मुताबिक चोरों ने सोने की अंगूठी छह पीस, सोने का हार दो पीस, चैन एक पीस, मांगटीका एक पीस, नथिया एक पीस, झुमका व घर का पेपर इत्यादि सामानों की चोरी की है.




