जमशेदपुर: जमशेदपुर के साकची थाना अंतर्गत जेल चौक के पास बुधवार की दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गयी जब क्वार्टर नंबर एफडी-1 में चोरी का प्रयास करते हुए एक युवक को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया. जानकारी के अनुसार, क्वार्टर के मालिक गौतम ने देखा कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है और भीतर घुसने की कोशिश एक युवक कर रहा है, जिसकी पहचान बाद में देवनगर निवासी करण के रूप में हुई. गौतम ने आवाज लगाने के साथ ही आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन करण मौके से भाग निकला. इसके बाद गौतम ने उसका पीछा किया और भागता हुआ करण एमजीएम अस्पताल परिसर में जा घुसा. (नीचे भी पढ़ें)
भीड़-भाड़ के बावजूद आरोपी को वहीं दबोच लिया गया. घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गयी. सूचना मिलते ही साकची पुलिस की पीसीआर वैन मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया. तलाशी के दौरान करण के पास से एक चाकू बरामद किया गया, जिसके बाद उसे थाने ले जाया गया. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी चोरी की नीयत से इलाके में घूम रहा था. घर में घुसने के प्रयास के दौरान ताला तोड़ने के बाद गौतम की अचानक मौजूदगी से वह घबरा गया और मौके से भागने लगा.



