जमशेदपुर : जमशेदपुर के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में शहरी स्थानीय निकायों के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक का उद्देश्य नगर निकाय क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना तथा योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना था. बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) अंतर्गत बिरसानगर आवासीय परियोजना की विशेष समीक्षा की गई. उपायुक्त ने परियोजना में गृह प्रवेश से संबंधित सभी शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करते हुए 15 दिनों के भीतर गृह प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. साथ ही, दीनदयाल अंत्योदय योजना – राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत निर्धारित सभी लक्ष्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने का निर्देश दिया गया. बैठक के दौरान इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं एवं नागरिक सुविधाओं की भी समीक्षा की गई. (नीचे भी पढे)
पेयजल आपूर्ति एवं विद्युत कनेक्शन से संबंधित कार्यों के शीघ्र निष्पादन हेतु उपायुक्त ने टाटा स्टील यूआइएसएल, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) के साथ समन्वय बैठक आयोजित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया, ताकि आवश्यक बुनियादी सुविधाएँ समय पर उपलब्ध कराई जा सकें. उपायुक्त ने सभी शहरी निकाय अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं विभागीय समन्वय बनाए रखने तथा विकास योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक समय पर पहुँचाने के निर्देश दिए. बैठक में उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी जुगसलाई नगर परिषद संदीप पासवान, कार्यपालक पदाधिकारी चाकुलिया नगर पंचायत मोटाय बनरा, सहायक नगर आयुक्त, मानगो नगर निगम, विशेष पदाधिकारी , लेखा पदाधिकारी,जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति, सिटी मैनेजर, सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता के साथ-साथ टाटा स्टील यूआइएसएल के महाप्रबंधक आरके सिंह, टाटा स्टील के भूमि विभाग से श्री अमित सिंह भी उपस्थित थे. बैठक के दौरान शहरी विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं की प्रगति, तकनीकी एवं प्रशासनिक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गये.



